परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा


हरदोई। आगामी 18 फरवरी से 12 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली यूपी बोर्ड हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को स्थानीय रसखान प्रेक्षागृह में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में हुए इस प्रशिक्षण में जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों के साथ सभी केन्द्र व्यवस्थापकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि बोर्ड परीक्षा को पूरी सख्ती और पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर सीसीटीवी कैमरे, पेयजल, स्वच्छ शौचालय, विद्युत आपूर्ति, रैम्प और जनरेटर की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। परीक्षा कक्षों के मुख्य द्वार को छोड़कर अन्य सभी खिड़कियां बंद रखने के निर्देश भी दिए गए। परीक्षा समाप्ति के बाद प्रश्नपत्रों को पुलिस निगरानी में निर्धारित स्थल तक सुरक्षित पहुंचाने की व्यवस्था रहेगी।
डीएम ने कहा कि परीक्षार्थियों की प्रवेश के समय सघन तलाशी ली जाए और मोबाइल, पुस्तक या अन्य प्रतिबंधित सामग्री लाने वालों के लिए अलग कक्ष में सुरक्षित रखने की व्यवस्था की जाए। उन्होंने सेक्टर व स्टैटिक मजिस्ट्रेटों को पुलिस टीम के साथ लगातार भ्रमणशील रहने तथा अंग्रेजी, गणित और विज्ञान जैसे विषयों की परीक्षाओं में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। 22 संवेदनशील केन्द्रों के व्यवस्थापकों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया।
जनपद में कुल 133 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं, जिनमें तहसीलवार संख्या इस प्रकार है—हरदोई सदर में 36, शाहाबाद में 24, सण्डीला में 28, सवायजपुर में 20 तथा बिलग्राम में 25 केन्द्र शामिल हैं। इस वर्ष हाईस्कूल में 29,756 छात्र और 23,277 छात्राएं तथा इंटरमीडिएट में 27,558 छात्र और 19,939 छात्राएं परीक्षा में सम्मिलित होंगी। कुल मिलाकर 1,00,530 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में भाग लेंगे।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केन्द्र के बाहर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। परीक्षा अवधि में केन्द्रों के आसपास निर्धारित दायरे में फोटोस्टेट व कॉल सेंटर जैसी दुकानों को बंद रखा जाएगा। केन्द्र परिसर के बाहर अनधिकृत व्यक्तियों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा तथा लगातार पुलिस गश्त की व्यवस्था रहेगी।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रियंका सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, सभी जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक तथा प्रभारी जिला सूचना अधिकारी दिव्या निगम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा