हरदोई पुकार —
शाहाबाद, हरदोई — सड़क सुरक्षा और नागरिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को शाहाबाद में यातायात जागरूकता माह (नवंबर) के तहत एक विशेष अभियान चलाया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी के नेतृत्व में शाहाबाद बस अड्डे पर आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में वाहन चालक, छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निरीक्षक आनंद नारायण त्रिपाठी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि “सड़क सुरक्षा कोई विकल्प नहीं बल्कि जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक यातायात नियमों का पालन करे तो सड़क दुर्घटनाओं में भारी कमी लाई जा सकती है।” उन्होंने वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ओवरस्पीडिंग से बचने और मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की अपील की।
कोतवाल त्रिपाठी ने बताया कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाना एक गंभीर अपराध है। उन्होंने अभिभावकों से भी कहा कि वे अपने बच्चों को बिना लाइसेंस वाहन न दें। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि बिना रजिस्ट्रेशन, बिना लाइसेंस या शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों को पंपलेट और ब्रोशर वितरित किए जिनमें मुख्य यातायात नियमों और दंड प्रावधानों की जानकारी दी गई। टीम ने समझाया कि
- सड़क पार करते समय हमेशा ज़ेब्रा क्रॉसिंग का उपयोग करें।
- वाहन चलाते समय स्पीड लिमिट का पालन करें।
- दोपहिया वाहन चलाते समय दोनों सवारियों का हेलमेट पहनना अनिवार्य है।
- चार पहिया वाहन चालक और आगे बैठने वाले यात्री सीट बेल्ट अवश्य लगाएं।
- स्कूल बसों और सार्वजनिक वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियां न बैठाएं।
कोतवाल ने कहा कि सड़क पर जिम्मेदारी और अनुशासन से ही जीवन सुरक्षित रह सकता है। अभियान के समापन पर सभी उपस्थित नागरिकों ने “सुरक्षित चलें, सुरक्षित रहें” का संकल्प लिया।
इस अवसर पर यातायात प्रभारी, उपनिरीक्षक, पुलिस बल और नगर के सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
