स्वर्णकार समाज के राष्ट्रीय अधिवेशन में सरकार से उठीं व्यापारियों के हित से जुड़ी माँगें

हरदोई पुकार —

लखनऊ — आल इंडिया स्वर्णकार समाज एवं ज्वैलर्स एसोसिएशन का राष्ट्रीय अधिवेशन आनंदी वाटर पार्क, लखनऊ में आयोजित किया गया। अधिवेशन में देश-प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों, ज्वैलर्स व्यापारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में स्वर्णकार एवं ज्वैलर्स समाज से जुड़ी समस्याओं, सुरक्षा और भविष्य को लेकर केंद्र व राज्य सरकार से कई अहम माँगें रखी गईं।

अधिवेशन की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकुल वर्मा ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय सरक्षक लोकेश अग्रवाल, प्रदेश अध्यक्ष पृथ्वी पाल सिंह एवं राष्ट्रीय प्रभारी सुधीर कुमार सिंह सोनी मौजूद रहे। मंच से वक्ताओं ने प्रदेश में स्वर्ण कला बोर्ड की स्थापना, धारा 411-412 में संशोधन, ज्वैलर्स व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस की प्रक्रिया सरल किए जाने, साहूकारी लाइसेंस को पुनर्जीवित करने सहित अन्य माँगें उठाईं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समस्त जिलों से आए जिलाध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं का लखनऊ में हार्दिक स्वागत व अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का काम कर रही है और हर सुख-दुख में व्यापारी समाज के साथ खड़ी है। उपमुख्यमंत्री ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान सरकार की प्राथमिकता है।

वहीं कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने व्यापारियों के साथ हुई घटनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर है और लगातार ठोस प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों में गुंडे और पुलिस व्यापारियों को परेशान करते थे, लेकिन योगी सरकार के आने के बाद वही पुलिस अब व्यापारियों को सुरक्षा देने का काम कर रही है। मंत्री ने कहा कि आज माफिया किसी भी घटना को अंजाम देने से पहले कई बार सोचने को मजबूर हैं। तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि कई माफिया प्रदेश से दूर चले गए हैं और कुछ इतने दूर चले गए हैं कि अब कभी लौटने वाले नहीं हैं।

कार्यक्रम में पहुँचीं महिला आयोग उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में अब इतने आकर्षक और सुंदर आभूषण तैयार हो रहे हैं, जो अपने आप में एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि जिन उत्पादों के लिए पहले भारत को विदेशों पर निर्भर रहना पड़ता था, वे अब देश में ही तैयार किए जा रहे हैं, जो आत्मनिर्भर भारत की दिशा में बड़ा कदम है। उन्होंने चीनी सामान के उपयोग को कम करने और अधिक से अधिक देश में बने उत्पादों को अपनाने का आह्वान किया।

अधिवेशन में वक्ताओं ने यह भी कहा कि सोने-चांदी के लगातार बढ़ते दामों से स्वर्णकार समाज का व्यापार प्रभावित हो रहा है और युवा पीढ़ी के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो रहा है। इसको देखते हुए सरकार से माँग की गई कि स्वर्णकार समाज के युवाओं को बिना गारंटी कम से कम 10 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे वैकल्पिक व्यवसाय शुरू कर सकें। साथ ही टैक्स-पेई ज्वैलर्स व्यापारी की दुर्घटना या लूटपाट में मृत्यु होने पर उनके परिजनों को एक करोड़ रुपये तथा विकलांगता की स्थिति में दस लाख रुपये मुआवजा दिए जाने की माँग भी रखी गई।

कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के प्रतिनिधि, विधानसभा उपाध्यक्ष, व्यापक मंडल के प्रमुख संदीप बंसल, लखनऊ के मेयर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और समाज के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रीय प्रभारी सुनील कुमार सोनी ने मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।

परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा