किसानों के हित में भारतीय किसान यूनियन (अखण्ड भारत) ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

धान क्रय केंद्रों पर हो रही मनमानी, तौल कटौती और अव्यवस्था के खिलाफ उठी आवाज़

शाहाबाद,हरदोई —

भारतीय किसान यूनियन (अखण्ड भारत) के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव के नेतृत्व में किसानों के प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी हरदोई को ज्ञापन सौंपकर नवीन कृषि मंडी शाहाबाद में चल रही धान खरीद व्यवस्था में अनियमितताओं, तौल कटौती और किसानों के शोषण की शिकायत की।

ज्ञापन में कहा गया कि सरकार द्वारा जारी आर.आर.6 के निर्देशों के बावजूद मंडी समितियों व कर्मचारियों द्वारा किसानों से 1 से 1.5 किलो तक की तौल कटौती कराई जा रही है, जबकि शासन ने ऐसी कोई अनुमति नहीं दी है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल धान पर आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है।

किसान यूनियन ने आरोप लगाया कि मंडी में छोटे किसानों व महिलाओं का धान क्रय केंद्रों पर स्वीकार नहीं किया जा रहा है। वहीं मंडी परिसर में दलालों की सक्रियता बढ़ गई है, जो किसानों के धान को कम दामों में खरीदने का दबाव बना रहे हैं।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि कई केंद्रों पर धान की नमी और गुणवत्ता के नाम पर किसानों का उत्पीड़न हो रहा है। किसानों को 1700 से 1800 रुपये प्रति क्विंटल के भाव पर धान बेचना पड़ रहा है जबकि समर्थन मूल्य 2300 रुपये प्रति क्विंटल तय है। संगठन ने प्रशासन से मांग की है कि मंडी में सक्रिय दलालों और भ्रष्ट कर्मचारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाए, तौल कटौती पर रोक लगाई जाए और सभी किसानों से शासनादेश के अनुसार समर्थन मूल्य पर धान खरीदा जाए। भारतीय किसान यूनियन (अखण्ड भारत) ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुधारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन जिला मुख्यालय पर आंदोलन करने को बाध्य होगा।

परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा