थाना सवायजपुर प्रभारी प्रिंस कुमार के सरकारी आवास में लाखों की चोरी का खुलासा, चार गिरफ्तार, पाँच बाल अपचारी संरक्षण में

हरदोई पुकार —

हरदोई— थाना सवायजपुर के प्रभारी उप निरीक्षक प्रिंस कुमार के पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में हुई लाखों रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली शहर पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि वारदात में शामिल पाँच बाल अपचारियों को बाल संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने घटना में चोरी गये सोने-चांदी के सभी प्रमुख आभूषण भी बरामद कर लिये हैं।

घटना 9 नवंबर की बताई जा रही है। उस समय उप निरीक्षक प्रिंस कुमार, जो वर्तमान में थाना सवायजपुर के प्रभारी के रूप में तैनात हैं, ड्यूटी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। इसी बीच अज्ञात चोरों ने पुलिस लाइन स्थित उनके सरकारी आवास को निशाना बनाया। आरोपियों ने घर की आलमारी को तोड़कर उसमें रखे विवाह उपहार वाले लगभग बीस लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर लिये।

उप निरीक्षक प्रिंस कुमार को घटना की जानकारी 11 नवंबर को घर लौटने पर मिली। उन्होंने तत्काल कोतवाली शहर पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हरदोई ने स्वाट टीम तथा कोतवाली शहर पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

पुलिस टीम ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण करने के साथ-साथ वैज्ञानिक साक्ष्यों, आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की तकनीकी मदद से आरोपियों की पहचान शुरू की। संयुक्त टीम की लगातार निगरानी और जाँच के आधार पर पुलिस ने एक-एक कर चार अभियुक्तों को पकड़ा। इसके अलावा पाँच नाबालिगों की संलिप्तता भी सामने आई, जिन्हें पुलिस ने विधिक प्रक्रिया के तहत बाल संरक्षण में ले लिया है।

गिरफ्तार अभियुक्तों में

ज्योति पत्नी अरविंद, निवासी प्रगति नगर

कल्पना पत्नी बिनोद निषाद, निवासी प्रगति नगर

लक्ष्मी, निवासी रेलवे पुल के पास

धीरेन्द्र उर्फ धीरू, निवासी रेलवेगंज

शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इन सभी ने मिलकर वारदात की योजना बनाई थी और पाँच नाबालिगों को चोरी में शामिल किया था।

पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी गये सोने-चांदी के अधिकांश आभूषण बरामद कर लिये हैं। बरामद वस्तुओं में सोने के हार, माला, चूड़ियां, अंगूठियां, कानों के कुंडल, चांदी के जेवर तथा अन्य कीमती सामान शामिल हैं। सभी आभूषणों को विधिक कार्रवाई के तहत सुरक्षित सील कर दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले सरकारी आवास की रेकी की थी। घर के खाली होने की पुष्टि करने के बाद ही आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मुकदमे में धारा 305(a) बीपीनएस तथा धारा 317(2)/61(2) की बढ़ोतरी भी की गई है।

परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा