संवेदनशीलता और तत्परता की मिसाल बने ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा

हरदोई पुकार —

शाहाबाद हरदोई – शाहाबाद ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा एक बार फिर अपनी मानवीय संवेदनशीलता और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि की भूमिका को लेकर चर्चा में हैं। जब वह अपने कार्यालय से निकलकर ब्लॉक परिसर में आयोजित भंडारे में शामिल होने जा रहे थे, तभी उनकी नजर ब्लॉक परिसर के एक किनारे बैठे एक दिव्यांग (विकलांग) व्यक्ति पर पड़ी। सामान्यतः लोग ऐसे दृश्य देखकर आगे बढ़ जाते हैं, लेकिन त्रिपुरेश मिश्रा ने ऐसा नहीं किया।

दिव्यांग व्यक्ति को देखते ही वह तुरंत रुक गए और सीधे उसके पास पहुंचकर हालचाल जाना। उन्होंने न केवल उससे संवाद किया, बल्कि पूरी गंभीरता से उसकी समस्या को सुना। दिव्यांग व्यक्ति ने अपनी परेशानी बताते हुए संबंधित कार्य लंबे समय से लंबित होने की बात कही। प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए ब्लॉक प्रमुख ने मौके पर ही संबंधित अधिकारी को फोन किया और स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि इस मामले का शीघ्र निस्तारण किया जाए।

ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा ने अधिकारियों से कहा कि “मुझे इस प्रकरण में दोबारा किसी तरह की बातचीत न करनी पड़े। दिव्यांग व्यक्ति का कार्य जल्द से जल्द पूरा होना चाहिए।” उनके इस सख्त लेकिन संवेदनशील रुख ने वहां मौजूद लोगों पर गहरी छाप छोड़ी। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ मीडिया कर्मियों की भी उनकी इस मानवीय पहल पर नजर पड़ी।

ब्लॉक परिसर में मौजूद लोगों ने त्रिपुरेश मिश्रा की दरियादिली और जनभावनाओं के प्रति उनकी संवेदनशीलता की खुलकर सराहना की। कुछ लोगों ने कहा कि “जनप्रतिनिधि हो तो ऐसा हो, जो जनता की पीड़ा को समझे और बिना देरी किए समाधान की दिशा में कदम उठाए।”

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह कोई पहला मौका नहीं है जब त्रिपुरेश मिश्रा ने इस तरह आमजन की मदद की हो। इससे पहले भी वह अपने इसी जनसेवी अंदाज को लेकर कई बार सुर्खियों में रह चुके हैं। चाहे जरूरतमंदों की मदद हो या प्रशासनिक कार्यों में त्वरित हस्तक्षेप, ब्लॉक प्रमुख का सक्रिय रवैया उन्हें अन्य जनप्रतिनिधियों से अलग पहचान दिलाता है।

कुल मिलाकर, दिव्यांग व्यक्ति के प्रति दिखाई गई यह संवेदनशीलता न केवल एक व्यक्ति की समस्या का समाधान है, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला उदाहरण भी है कि सत्ता और पद का सही उपयोग जनसेवा में कैसे किया जा सकता है।

परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा