हरदोई पुकार —
अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर 21 जनवरी 2026 को रिलीज़ हुई वेब सीरीज़ ‘बिंदिया के बाहुबली 2’ इन दिनों दर्शकों के बीच चर्चा में बनी हुई है। इसमें अपने शहर ,शाहजहांपुर के आलोक पांडेय की बब्बल बन्ना की दमदार भूमिका चारों तरफ चर्चा का विषय बनी हुई है ,जिसने सीज़न-2 को पहले से अधिक प्रभावी बनाया है ।

आलोक पांडेय ने इस सीरीज़ में बब्बल बन्ना के किरदार को जिस परिपक्वता और गंभीरता से निभाया है वह काबिले तारीफ है ।
शाहजहाँपुर जनपद के ग्राम ददऊं से ताल्लुक रखने वाले आलोक पांडेय ने अपने अभिनय जीवन की शुरुआत वर्ष 2007 में स्थानीय रंगमंच की संस्था संस्कृति से की थी। जिसके निर्देशक आलोक सक्सेना जी हैं ।
अभिनय को केवल शौक नहीं, बल्कि पेशे के रूप में अपनाने के लिए उन्होंने भारतेन्दु नाटक अकादमी, लखनऊ से 2009 से 2011 तक विधिवत प्रशिक्षण प्राप्त किया। इसके बाद 2012 में सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टिट्यूट कोलकाता से स्क्रीन एक्टिंग का कोर्स भी किया मुंबई में शुरुआती संघर्ष के बाद उन्हें राजकुमार हिरानी निर्देशित फिल्म ‘पीके’ में काम करने का अवसर मिला। इसके बाद , ‘प्रेम रतन धन पायो’, ‘एम.एस. धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘लखनऊ सेंट्रल’, ‘बाटला हाउस’, ‘हुड़दंग’, ‘आज़म’ और ‘सहर’ जैसी फिल्मों में अलग अलग भूमिकाएं निभाईं।
‘बाटला हाउस’ में तुफैल और ‘लखनऊ सेंट्रल’ में बंटी के रूप में दर्शकों ने उन्हें बहुत सराहा।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी आलोक पांडेय की उपस्थिति लगातार मज़बूत होती गई। ‘बंबई मेरी जान’ जैसी वेब सीरीज़ मे जिस तरह के के मेनन के साले रहीम को उन्होंने परफॉर्म किया, फ़िल्म इंडस्ट्री ने उन्हें एक गंभीर अभिनेता के तौर पर स्वीकार किया है। ‘बिंदिया के बाहुबली’ के पहले सीज़न में उनका किरदार दर्शकों के बीच अलग पहचान बना सका।
सीज़न-2 में यह किरदार और अधिक आक्रामक, रणनीतिक और निर्णायक रूप में सामने आया है। जिस तरह से आलोक ने इस किरदार को आत्मसात किया है, किरदार से आपको नफ़रत हो जाएगी और यही एक अभिनेता की सबसे बड़ी जीत है
यह वेब सीरीज़ ‘बिंदिया’ नाम की जगह मे केंद्रित है, कहानी बिहार की सामाजिक-राजनीतिक परिस्थितियों से प्रेरित है। सत्ता संघर्ष, राजनीतिक उठा पटक भ्रष्टाचार, पारिवारिक तनाव और वर्चस्व की लड़ाई को कहानी का केंद्र बनाया गया है। इसमें
सौरभ शुक्ला और गोविंद नामदेव के बीच सत्ता की लड़ाई है, जिसमें आलोक पांडेय का किरदार अहम भूमिका निभाता है। सीरीज़ को निर्देशित किया है राज अमित कुमार जी ने
ओटीटी और सिनेमा दोनों माध्यमों में लगातार सक्रिय रहते हुए आलोक पांडेय ने यह साबित किया है कि वे केवल एक किरदार तक सीमित अभिनेता नहीं हैं, बल्कि हर प्रोजेक्ट के साथ अपने अभिनय को नया आयाम दे रहें हैं। उनका यह सफ़र आने वाले कलाकारों के लिए एक प्रेरणा दायक उदाहरण प्रस्तुत करता है।
आलोक पांडेय को भविष्य की बहुत शुभकामनाएं l
