हरदोई में सनसनी: दो दिन से लापता किशोरी की तालाब में मिली लाश, आंख पर चोट के निशान से हत्या की आशंका!

शाहाबाद, हरदोई –

मझिला थाना क्षेत्र के साहिजना गांव में बुधवार की सुबह का सूरज एक ऐसी मनहूस खबर लेकर उगा, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। दो दिनों से लापता एक 15 साल की किशोरी का शव गांव के बाहर बने तालाब में उतराता मिला, जिससे गांव में कोहराम मच गया। सबसे दहलाने वाली बात यह है कि किशोरी की आंख पर चोट के गहरे निशान मिले हैं, जिससे मामला डूबने का न होकर हत्या का लग रहा है।

जानकारी के अनुसार, साहिजना गांव के रहने वाले तेजपाल राठौर की 15 वर्षीय पुत्री संध्या दो दिन पहले घर से अचानक गायब हो गई थी। परिवार वालों ने उसे हर जगह ढूंढा, रिश्तेदारों से पूछा, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। परिवार एक अनहोनी की आशंका से सहमा हुआ था।

बुधवार सुबह जब कुछ ग्रामीण तालाब की ओर गए, तो उनकी नजर पानी में उतराते एक शव पर पड़ी। देखते ही देखते यह खबर पूरे गांव में आग की तरह फैल गई और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। शव की पहचान संध्या के रूप में होते ही उसके परिवार वालों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनकी चीख-पुकार से हर किसी का दिल दहल गया।

घटना की सूचना मिलते ही मझिला थाना प्रभारी सत्यप्रकाश मिश्रा और आलमनगर चौकी इंचार्ज रामकुमार शुक्ला अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकलवाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठे किए।

पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मृतका की आंख पर चोट का गहरा निशान पाया गया है, जिससे यह शक गहरा हो गया है कि उसकी हत्या करके शव को तालाब में फेंका गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा।

इस दर्दनाक घटना के बाद से संध्या के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वे अपनी बेटी के लिए इंसाफ की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने परिवार को आश्वासन दिया है कि मामले की हर एंगल से गहराई से जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा