हरदोई में जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय का बदला पता, नई जगह से होगा संचालन

ब्यूरो रिपोर्ट | हरदोई पुकार

हरदोई। जनपद में आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय का पता परिवर्तित कर दिया गया है। अब यह कार्यालय पूर्व स्थान गंगानगर कॉलोनी, लखनऊ चुंगी के पास से स्थानांतरित होकर नई जगह से संचालित होगा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पूर्ति अधिकारी कार्यालय को अब गन्ना नेत्र चिकित्सालय परिसर, ज़िन्दपीर चौराहा पर स्थापित कर दिया गया है। विभागीय कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से यह बदलाव किया गया है, ताकि आमजन को बेहतर सुविधा और पहुंच सुनिश्चित हो सके।

जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में जनपद के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि राशन कार्ड, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) से जुड़ी शिकायतें, या अन्य किसी भी कार्य हेतु अब पुराने पते पर न जाकर नए पते पर ही संपर्क करें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पुराने कार्यालय पते पर अब किसी प्रकार का कार्य नहीं किया जाएगा, इसलिए किसी भी असुविधा से बचने के लिए नागरिक सीधे गन्ना नेत्र चिकित्सालय परिसर, जिन्नौर चौराहा स्थित नए कार्यालय में ही अपनी समस्याओं का समाधान कराएं।