जेल में हकीकत का जायजा—जिला जज का सख्त संदेश: ‘कैदियों को मीनू के मुताबिक मिले खाना

हरदोई — जिला कारागार में व्यवस्थाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए मा० जिला जज रीता कौशिक ने प्रशासनिक अमले के साथ सघन निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुनय झा, पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान जेल के पुरुष और महिला बैरकों की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया गया।

निरीक्षण के दौरान जिला जज ने उन बंदियों के प्रति विशेष संवेदनशीलता दिखाई, जो आर्थिक तंगी के कारण जमानत नहीं करा पा रहे हैं। उन्होंने ऐसे कैदियों को शासकीय अधिवक्ता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया, ताकि उन्हें न्याय पाने में किसी प्रकार की बाधा न हो। महिला बैरक में पहुंचकर उन्होंने वहां रह रही महिलाओं और उनके बच्चों से बातचीत की और बच्चों को पोषण किट व उपहार भी वितरित किए, जिससे वहां भावनात्मक माहौल देखने को मिला।

जेल अस्पताल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने भर्ती बीमार कैदियों का हाल-चाल जाना और इलाज की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद पाकशाला (रसोईघर) में जाकर भोजन की गुणवत्ता की जांच की और स्पष्ट निर्देश दिए कि कैदियों को निर्धारित मीनू के अनुसार ही भोजन और नाश्ता उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि जेल में रह रहे बंदियों के स्वास्थ्य और अधिकारों के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान जेल अधीक्षक अमन प्रताप सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी दिलीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी मौजूद रहे। निरीक्षण के बाद प्रशासनिक अमले में व्यवस्थाओं को लेकर सतर्कता और गंभीरता साफ नजर आई।