सीएमओ ने उधरनपुर पीएचसी का किया औचक निरीक्षण, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में आयुष्मान कार्ड की प्रगति जाँची

हरदोई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. भवनाथ पांडेय ने आज शाहाबाद क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र उधरनपुर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आयुष्मान कार्ड निर्माण की सुस्त रफ़्तार पर नाराजगी जाहिर करते हुए प्रगति की गहन समीक्षा की और प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रवीण दीक्षित सहित समस्त स्टाफ को कड़े निर्देश दिए कि क्षेत्र के प्रत्येक पात्र लाभार्थी का कार्ड बनाना और उन्हें सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ देना सुनिश्चित करें। आरोग्य मेले में आज कुल 48 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क दवाएं वितरित की गईं और मौके पर ही 22 नए आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। इस अवसर पर डॉ. विक्रम (डेंटल), डॉ. विक्रम (आयुष), डॉ. खालिदा एमन, फार्मासिस्ट जगदंबा सागर, एएनएम सुषमा, एलटी कुलदीप और एनसीडी स्टाफ नर्स नेहा व सतीश सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्हें सीएमओ ने सेवा भाव से कार्य करने हेतु निर्देशित किया।