“जनसमर्थन की लहर में निखरे त्रिपुरेश मिश्रा, शाहाबाद ब्लॉक में विरोधियों पर भारी पड़ी भीड़ की ताकत”

होली मिलन व स्मृति भवन लोकार्पण समारोह बना शक्ति प्रदर्शन, राज्यमंत्री से लेकर जिलाध्यक्ष तक ने की खुलकर सराहना

शाहाबाद, हरदोई —

शाहाबाद ब्लॉक परिसर में आयोजित पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति भवन के लोकार्पण एवं होली मिलन समारोह ने इस बार महज एक सांस्कृतिक आयोजन का रूप नहीं लिया, बल्कि यह कार्यक्रम एक विशाल जनसभा और शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। हजारों की संख्या में उमड़ी भीड़ ने जहां ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा के बढ़ते जनाधार को स्पष्ट किया, वहीं विरोधियों के लिए यह आयोजन एक कड़ा राजनीतिक संदेश भी बनकर उभरा।

कार्यक्रम स्थल पर सुबह से ही लोगों का जमावड़ा लगना शुरू हो गया था। देखते ही देखते पूरा ब्लॉक परिसर जनसैलाब में तब्दील हो गया। स्थिति यह रही कि परिसर में पैर रखने तक की जगह नहीं बची। चारों ओर “त्रिपुरेश मिश्रा जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे, जिससे माहौल पूरी तरह उत्साह और जोश से भर गया।

समारोह के मुख्य अतिथि रजनी तिवारी ने अपने संबोधन में ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि

“पहले जब हम इस ब्लॉक में आते थे, तब इसकी स्थिति बेहद खराब थी, लेकिन आज यहां जो बदलाव दिखाई दे रहा है, वह त्रिपुरेश मिश्रा के नेतृत्व और विकास कार्यों का परिणाम है।”

उन्होंने आगे कहा कि इतनी भारी संख्या में जनता की उपस्थिति इस बात का प्रमाण है कि क्षेत्र की जनता का विश्वास विकास की राजनीति पर लगातार मजबूत हो रहा है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि

“भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र पर चलते हुए बिना किसी भेदभाव के हर वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया है।”

इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता गंगाराम राठौर भी भीड़ देखकर भावुक हो उठे और उन्होंने त्रिपुरेश मिश्रा की प्रशंसा में पंक्तियां सुनाईं—

“जो भरा नहीं है भावों से, बहती जिसमें रसधार नहीं,

वह हृदय नहीं है पत्थर है, जिसमें त्रिपुरेश मिश्रा का प्यार नहीं।”

इन पंक्तियों के समाप्त होते ही पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

पत्रकार दीर्घा में अव्यवस्था, लेकिन त्रिपुरेश मिश्रा ने संभाली स्थिति

कार्यक्रम के दौरान एक समय ऐसा भी आया जब कार्यकर्ताओं की भीड़ के चलते पत्रकार दीर्घा में लगी कुर्सियां अस्त-व्यस्त हो गईं। कई कुर्सियां गिर गईं और कुछ पर कार्यकर्ता कब्जा जमाए बैठे रहे। मंच से संचालक द्वारा बार-बार घोषणा की गई कि पत्रकार दीर्घा की कुर्सियां केवल पत्रकारों के लिए आरक्षित हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ नगर कमेटी के कार्यकर्ताओं ने अपनी सीटें खाली नहीं कीं।

स्थिति को देखते हुए जब शाहाबाद के वरिष्ठ पत्रकार खड़े नजर आए, तो ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा स्वयं मंच से नीचे उतरकर आए। उन्होंने तुरंत कुर्सियां मंगवाकर सभी पत्रकारों को सम्मानपूर्वक बैठने की व्यवस्था कराई। इस पहल को वहां मौजूद पत्रकारों और जनसमूह ने सराहा।

विरोधियों के मंसूबों पर फिरा पानी, भीड़ बनी सबसे बड़ा जवाब

सूत्रों के अनुसार इस कार्यक्रम को कमजोर करने के लिए क्षेत्र के कुछ नेताओं ने अंदरखाने प्रयास भी किए, लेकिन कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने उनके सभी मंसूबों पर पानी फेर दिया।

चर्चा यह भी रही कि जिन नेताओं ने जाति-बिरादरी के आधार पर अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश की, वे अपने ही समाज के लोगों को रोकने में असफल रहे। इसको लेकर पूरे शाहाबाद क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा कि जब अपने ही लोग साथ नहीं खड़े हो पा रहे, तो ऐसे नेता क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कैसे करेंगे।

जनता का स्पष्ट संदेश – फिर चाहिए त्रिपुरेश मिश्रा का नेतृत्व

कार्यक्रम के बाद क्षेत्र के विभिन्न कोनों में एक ही चर्चा सुनाई दी कि जनता एक बार फिर त्रिपुरेश मिश्रा को ब्लॉक प्रमुख के रूप में देखना चाहती है। जिस प्रकार का जनसमर्थन इस आयोजन में देखने को मिला, उसने आगामी ब्लॉक राजनीति की दिशा को काफी हद तक स्पष्ट कर दिया है।

त्रिपुरेश मिश्रा का बड़ा बयान – “दाग रहित 5 साल, आगे और तेज होगा विकास”

अपने संबोधन में त्रिपुरेश मिश्रा ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में उन पर किसी प्रकार का कोई आरोप या दाग नहीं लगा है। उन्होंने कहा कि

“यदि शीर्ष नेतृत्व एक बार फिर मुझ पर भरोसा जताता है, तो आने वाले समय में इससे भी अधिक गति से विकास कार्य कराए जाएंगे।”

यहीं नहीं, उन्होंने मंच से एक बड़ा राजनीतिक संकेत भी दिया। उन्होंने मुख्य अतिथि रजनी तिवारी की ओर इशारा करते हुए कहा कि

“2027 के विधानसभा चुनाव में शाहाबाद ब्लॉक क्षेत्र से हम सभी मिलकर माननीय मंत्री जी को 20 हजार से अधिक वोटों से विजयी बनाकर विधानसभा भेजेंगे।”

पत्रकारों के साथ आत्मीयता, खुद परोसी पूड़ी

कार्यक्रम के दौरान एक अलग ही दृश्य तब देखने को मिला जब त्रिपुरेश मिश्रा और जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने पत्रकार बंधुओं के साथ बैठकर भोजन किया। त्रिपुरेश मिश्रा ने स्वयं अपने हाथों से पत्रकारों को पूड़ी परोसते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

होली के अवसर पर उन्होंने भावुक अपील करते हुए कहा—

“यदि मुझसे किसी प्रकार की कोई गलती हुई हो तो उसे क्षमा करें और हम सभी मिलकर नई शुरुआत करें।”

जनसभा में तब्दील हुआ आयोजन, उमड़े जनप्रतिनिधि

कार्यक्रम में पहुंचे तमाम अतिथियों ने एक स्वर में कहा कि यह आयोजन अब महज होली मिलन समारोह नहीं रहा, बल्कि एक विशाल जनसभा का रूप ले चुका है।

इस भव्य आयोजन में वरिष्ठ भाजपा नेता गंगाराम राठौर, जिला महामंत्री सत्येन्द्र राजपूत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामनाथ त्रिपाठी, डीसीडीएफ चेयरमैन रामदास गुप्ता, पिहानी ब्लॉक प्रमुख कुशी बाजपेयी, जिला पंचायत सदस्य लालाराम राजपूत, संजीव गौतम, प्रधान चन्द्र प्रकाश सिंह (पुत्तने), प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अतुल सिंह, प्रधान संघ ब्लॉक अध्यक्ष प्रवीन सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

इसके अतिरिक्त कुलदीप श्रीवास्तव, अभय वर्मा, अभिजीत सिंह, विकास मौर्य,  समेत समस्त क्षेत्र पंचायत सदस्य, भाजपा मंडल अध्यक्ष, एवं क्षेत्र की सम्मानित महिलाएं व पुरुष भी भारी संख्या में उपस्थित रहे।

शाहाबाद ब्लॉक का यह आयोजन सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश बनकर सामने आया। जिस प्रकार जनता ने अपनी उपस्थिति से समर्थन जताया, उसने यह संकेत दे दिया कि त्रिपुरेश मिश्रा का कद क्षेत्रीय राजनीति में तेजी से बढ़ रहा है और आने वाले समय में वे एक मजबूत दावेदार के रूप में उभरकर सामने आ सकते हैं।