84 कोसी परिक्रमा को लेकर प्रशासन सतर्क, व्यवस्थाओं को लेकर डीएम ने कसे पेंच

हरदोई। आगामी 84 कोसी परिक्रमा के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। कलेक्ट्रेट स्थित स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर बल दिया गया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परिक्रमा मार्ग को पूरी तरह समतल एवं गड्ढामुक्त बनाया जाए तथा मार्ग में पड़ने वाले सभी घाटों की युद्धस्तर पर साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उप जिलाधिकारी संडीला को घाटों एवं मार्ग सुदृढ़ीकरण की विशेष जिम्मेदारी सौंपी गई, वहीं उप जिलाधिकारी सदर को संपूर्ण परिक्रमा क्षेत्र की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। मेला स्थल पर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने, पर्याप्त पेयजल, प्रकाश एवं शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ रोड सेफ्टी के मानकों का कड़ाई से पालन कराने को कहा गया। श्रद्धालुओं को जागरूक करने हेतु विभिन्न सरकारी योजनाओं के स्टॉल लगाए जाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि आमजन को लाभकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके। विद्युत आपूर्ति निर्बाध रखने तथा लटकते बिजली तारों को तत्काल ठीक कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। इसके अतिरिक्त, मेला ड्यूटी में तैनात किए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सूची शीघ्र उपलब्ध कराने को कहा गया, जिससे समुचित समन्वय स्थापित हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।