शाहाबाद में पुलिस की मुठभेड़, 25-25 हजार के तीन इनामी दबोचे; नकदी व अवैध असलहे बरामद

हरदोई पुकार | ब्यूरो रिपोर्ट

हरदोई जनपद के शाहाबाद थाना क्षेत्र में हुई सनसनीखेज लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान 25-25 हजार रुपये के तीन इनामी बदमाशों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 17,520 रुपये नकद, तीन तमंचे .315 बोर, पांच जिंदा कारतूस तथा पांच खोखा कारतूस बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों के पैर में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।

बताया गया कि 10 फरवरी 2026 की सुबह ग्राम मलकापुर निवासी अनीस खां ने थाना शाहाबाद में सूचना दी थी कि 4-5 अज्ञात बदमाश घर में घुस आए, उन्हें बंधक बनाकर लगभग 30 हजार रुपये नकद व जेवरात लूट ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी शाहाबाद के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। लूट की घटनाओं की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस संदिग्धों की लगातार चेकिंग कर रही थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर निर्माणाधीन बाईपास के पास एक बाग में दबिश दी गई।

पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में यादराम उर्फ यादा व धर्मेंद्र गिरी निवासी नौगमा पकडिया थाना सुनगढ़ी, जनपद पीलीभीत घायल हो गए, जबकि तीसरे आरोपी समोल मंडल निवासी भरतपुर थाना न्यूरिया, जनपद पीलीभीत को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल मंगेश और कांस्टेबल मनोज भी घायल हुए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों का आपराधिक इतिहास लंबा है और विभिन्न जनपदों में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के कई मुकदमे दर्ज हैं। तीनों आरोपी काफी समय से वांछित चल रहे थे और इन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

फिलहाल पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे आमजन में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है।

परीक्षा केन्द्रों पर शासन निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन हो: डीएम अनुनय झा सतर्कता व संवेदनशीलता से नकलविहीन कराई जाए बोर्ड परीक्षाकेन्द्रों के बाहर पर्याप्त पुलिस बल रहेगा तैनात: एसपी अशोक कुमार मीणा